194 देशों में संक्रमण और 18905 मौतें: अमेरिका में 18 से 19 मार्च के बीच संक्रमितों की संख्या 51% तक बढ़ी

दुनिया के 194 देश कोरोनावायरस की चपेट में आ चुके हैं। इससे 18,905 लोगों की मौत हो चुकी है। 4 लाख 22 हजार 913 संक्रमित हैं। 1 लाख 9 हजार 143 मरीज ठीक भी हुए। अमेरिका में भी कोरोना के मामले तेज रफ्तार से बढ़ रहे हैं। सीएनएन के मुताबिक, 4 मार्च से संक्रमण के मामले हर दिन 23% तक बढ़े हैं। 18 से 19 मार्च तक अमेरिका में संक्रमण के मामलों में एक दिन में 51% की वृद्धि हुई है। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि अमेरिका कोरोनोवायरस महामारी का केंद्र बन सकता है।


प्रशांत महासागर में तैनात अमेरिकी जंगी जहाज यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट में तीन सैनिक पॉजिटिव मिले हैं। नेवी के कार्यवाहक सचिव थॉमस मूडली ने कहा कि तीनों संक्रमितों को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके संपर्क में आए अन्य सैनिकों को भी आइसोलेट किया गया है। इस जंगी जहाज में करीब 5,000 नाविकों का दल है।


अमेरिकी सीनेट में 2 ट्रिलियन डॉलर का राहत पैकेज पास


कोरोनावायरस की वजह से अमेरिकी अर्थव्यवस्था को काफी नुकसान हो रहा है। इससे निपटने के लिए अमेरिकी सीनेट में बुधवार को 2 ट्रिलियन डॉलर का राहत पैकेज पास किया गया है। उधर, जेनेवा में डब्ल्यूएचओ के प्रवक्ता मार्गरेट हैरिस ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका में संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। यहां बुधवार सुबह तक 54,808 लोग संक्रमित हुए हैं। देश में संक्रमण का पहला मामला 21 जनवरी को वॉशिंगटन में सामने आया था। अब तक 704 लोगों की जान गई है। इनमें न्यूयॉर्क में 210, वॉशिंगटन में 123 और लूसियाना में 46 मौतें हुई हैं।



न्यूयॉर्क में जेएफके एयरपोर्ट।


द.कोरिया में अब तक 126 लोगों की मौत हुई


कोरिया सेंटर फॉर डिजिज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक, दक्षिण कोरिया में बुधवार को संक्रमण के 100 नए मामले सामने आए हैं। देश में अब 9,137 लोग संक्रमित हो गए हैं। वहीं, 126 लोगों की मौत हो चुकी है।



द.कोरिया के डाएगू अस्पताल में शिफ्ट के लिए पहुंचते चिकित्सक। 


न्यूजीलैंड में आपातकाल घोषित


न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अडर्न ने बुधवार को कहा कि आज आधी रात से पूरे देश में चार हफ्ते के लिए राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया गया है। यहां संक्रमण का आंकड़ा 205 से ज्यादा हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बुधवार को 50 नए मामले सामने आए। न्यूजीलैंड के इतिहास में दूसरी बार आपातकाल लगाया गया है। 23 फरवरी 2011 को पहली बार देश में आपातकाल लगाया गया था। उस दौरान भूकंप में लगभग 200 लोग मारे गए थे।


थाईलैंड में 107 नए मामलों की पुष्टि


थाईलैड के अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि देश में संक्रमण के 107 नए मामलों की पुष्टि हुई है। अब यहां संक्रमितों की संख्या 934 हो गई थी। यहां चार मौतें दर्ज की गई हैं। जबकि 70 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। 860 मरीजों का अभी भी इलाज चल रहा है।



थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में बस स्टॉप पर बस का इंतजार करते लोग।


भारत में 21 दिन तक लॉकडाउन


भारत में मंगलवार आधी रात से लॉकडाउन लगा दिया गया। देश के 1.3 अरब लोग अपने घरों में 21 दिन तक नजरबंद रहेंगे। इस दौरान जरूरी चीजों जैसे सब्जी, दूध और मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। यहां अब तक संक्रमण के 562 मामले हो चुके हैं, जबकि 11 लोगों की मौत हो गई है।



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश को संबोधित किया।


इटली में अब तक 6,820 लोगों की जान गई


इटली में 24 घंटे में 743 लोगों की मौत हुई। देश की सिविल प्रोटेक्शन एजेंसी ने मंगलवार को ये जानकारी दी। दो दिनों के बाद देश में मौतों का आंकड़ा फिर से बढ़ गया है। इससे पहले सोमवार को 601 और रविवार को 650 लोगों की जान गई थी। पूरे देश में लॉकडाउन लगाया गया है। देश में करीब 6 करोड़ लोग घरों में बंद हैं। अब तक संक्रमण के 69,176 मामले सामने आए हैं, जबकि 6,820 लोग मारे जा चुके हैं।



इटली का पोर्ट ऑफ जेनोवा। यहां संक्रमण के संक्रमण के 69,176 मामलों की पुष्टि हुई है।


स्पेन में 11 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाया जा सकता है


स्पेन इटली के बाद यूरोप में दूसरा महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। यहां एक दिन में 514 लोग मारे गए, जबकि 6600 लोग संक्रमित हुए हैं। स्पेन में लॉकडाउन 11 अप्रैल तक बढ़ाया जा सकता है। 14 मार्च को देश में 15 दिन तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा की गई थी। यहां अब तक 42,058 लोग संक्रमित हुए हैं और 2,991 लोगों की जान गई है।



बार्सिलोना में लोगों ने डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों का ताली बजाकर आभार जताया।


फ्रांस में एक दिन में 240 लोगों की मौत


फ्रांस के स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि देश में एक दिन में 240 लोग मारे गए हैं। अब तक कुल 1100 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 22304 लोग संक्रमित हुए हैं। इटली और स्पेन के बाद फ्रांस यूरोप में तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है।



इटली, चीन, स्पेन और ईरान के बाद फ्रांस पांचवा देश है, जहां 1 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।